जयपुर के रॉक गार्डन में राणीसती दादी के मंगल पाठ का भव्य आयोजन, भक्ति में डूबे श्रद्धालु
जयपुर के रॉक गार्डन में राणीसती दादी के मंगल पाठ का भव्य आयोजन, भक्ति में डूबे श्रद्धालु
12-04-2026 10:20 AM | Update Bharat
जयपुर के रॉक गार्डन में आज नारायणी तनधन दास देवसर ट्रस्ट की संस्थापक आशा रमेश चंद गुप्ता एवं सरोज माधोपुरिया के सानिध्य में राणीसती दादी के मंगल पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान राणीसती दादी की अनन्य भक्त आशा रमेश गुप्ता ने सभी भक्तों के साथ दादी से आशीर्वाद लिया और श्रद्धा भाव से दादी को चुनरी अर्पित की। यह विशेष आयोजन सरोज माधोपुरिया के पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर आशा रमेश गुप्ता ने कहा कि राजस्थान के झुंझुनू में स्थित माँ राणीसती दादी का मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि दादी ने मात्र 16 वर्ष की आयु में सती होकर त्याग और समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। आज देश के कोने-कोने से भक्त झुंझुनू पहुंचकर माँ के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राणीसती दादी का मूल स्थान हरियाणा के भिवानी में है, जबकि मुख्य मंदिर झुंझुनू में स्थित है, जहां दर्शन मात्र से जीवन में सुख-समृद्धि का संचार होता है।
वहीं कार्यक्रम की आयोजक सरोज माधोपुरिया ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम अपनी परंपराओं और संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ी के लिए चिंता का विषय है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में धार्मिक जागरूकता और संस्कारों का संचार होता है।
उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान में खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी और झुंझुनू की राणीसती दादी जैसे पवित्र धामों में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और वहां की भक्ति से मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तजन भक्ति रस में लीन नजर आए और राणीसती दादी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।














.jpeg&w=3840&q=75)
